स्वतंत्र हित
गुड्डू खान
मीरजापुर। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर बुधवार, 1 अक्टूबर को विन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट, रॉबिन हुड आर्मी एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में जिला मंडलीय रक्त केंद्र, मीरजापुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में रक्तदान के लिए 14 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें मेडिकल जांच के उपरांत 10 लोग सफलतापूर्वक रक्तदान कर सके। रक्तदान करने वालों में रोहित सोनी, टाटा मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल वाराणसी के एलटी रोहित कुमार वर्मा, प्रणब दास गुप्ता, रजत चड्ढा, दर्शन बरनवाल, शुभम बरनवाल, प्रियम यादव, आशीष अधिकारी, रोहित चौहान एवं हिमांशु गुप्ता शामिल रहे।
वहीं मेडिकल जांच के उपरांत स्वतंत्र सिंह, विनीता दुबे , शिवांशु कसेरा एवं पूनम गुप्ता रक्तदान नहीं कर सके।
इस अवसर पर विन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष कृष्णानन्द हैहयवंशी ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है, इसलिए स्वस्थ एवं पात्र लोगों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
रॉबिन हुड आर्मी से आशुतोष दुबे कहा कि “एक रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद पैदा कर सकता है।” युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने रक्तदान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
शिविर में कृष्णानन्द हैहयवंशी, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन आशुतोष दुबे, अभिषेक साहू, शिवम जायसवाल, शिवा हैहयवंशी, विनय कुमार, रोहित जैन, मनीष दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजक संस्थाओं ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे रक्तदान शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया।


