स्वतंत्र हित /विपिन सागर
कानपुर, काकादेव थाना क्षेत्र में गाली-गलौज का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान चचेरे भाई और उसके परिवार के सदस्यों ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मुख्य आरोपी फरार हो गया, जबकि पुलिस ने उसकी पत्नी, मां और बहन को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, मतैयापुरवा मोहल्ले में रहने वाले 36 वर्षीय राकेश कुमार प्रजापति का अपने पड़ोस में रहने वाले चचेरे भाई रवि से गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विरोध करने पर रवि, उसकी पत्नी अनीता, बहन सुमन वर्मा और पप्पू ने राकेश के साथ मारपीट की। पिटाई के दौरान राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में राकेश को एलएलआर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
उधर, घटना के बाद मुख्य आरोपी रवि अस्पताल से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की पत्नी, मां और बहन को हिरासत में ले लिया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


