घंटाघर चौराहे पर ऑटो-टेंपो से कथित वसूली, जाम और यात्री परेशान
सागर मिश्रा
कानपुर। शहर के प्रमुख घंटाघर चौराहे पर ऑटो-टेंपो संचालन को लेकर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑटो-टेंपो चालकों से एक चक्कर के 20 रुपये लिए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के मुताबिक चौराहे पर खुलेआम चल रही इस कथित वसूली के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
बताया जा रहा है कि चौराहे पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है और यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खास बात यह है कि मौके पर ट्रैफिक गार्ड से लेकर टीएसआई स्तर के कर्मचारी मौजूद रहते हैं, इसके बावजूद कथित वसूली और अव्यवस्थित ऑटो संचालन पर प्रभावी कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है।
ऑटो चालकों के बीच कथित वसूली करने वाले व्यक्ति का नाम राधे बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि चौराहे पर लंबे समय से इस तरह की वसूली हो रही है तो संबंधित चौकी और थाना स्तर के जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी है या नहीं?
सबसे बड़ा सवाल: क्या जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी के बिना घंटाघर जैसे प्रमुख चौराहे पर खुलेआम ऑटो-टेंपो से कथित वसूली संभव है?
स्थानीय लोगों ने पुलिस और यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित वसूली पर रोक लगाने और घंटाघर चौराहे को जाम से निजात दिलाने की मांग की है।


