स्वतंत्र हित/संवाददाता
उन्नाव। जिले के पुरवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और एसओजी टीम की गौ तस्करों से आमने-सामने मुठभेड़ हो गई। जानकारी के अनुसार, नहर पुलिया धर्मकांटा के पास डीसीएम पर सवार गौ तस्करों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, जिस पर तस्करों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई गोलियों की बौछार से पुलिस टीम सतर्क हुई और जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली तस्करों के पैर में लगी, जिससे दोनों युवक घायल हो गए। घायल तस्करों को पकड़कर पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। डीसीएम को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों तस्करों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और यह भी जांच की जा रही है कि गौ तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।


