संवाददाता /रजत शर्मा
कानपुर। के फजलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत फजलगंज चौराहे पर शुक्रवार देर रात नशे में धुत ट्रक चालक ने तेज रफ्तार में एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार तीन युवक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।हादसे के बाद ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया और डिवाइडर तोड़ते हुए कई अन्य वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को कार से बाहर निकाला और पुलिस की मदद से उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।सूचना मिलते ही फजलगंज पुलिस मौके पर पहुंची और नशे में धुत ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ट्रक चालक के खिलाफ नशे में वाहन चलाने और लापरवाही से दुर्घटना करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शहर की सड़कों पर नशे में ड्राइविंग एक बार फिर बड़ा खतरा बनकर सामने आई है।


