स्वतंत्र हित/ संवाददाता
रायबरेली। डीह थाना क्षेत्र के पूरे पंडित मजरे रोखा गांव में मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। जानकारी के अनुसार, रविवार को महिला बीएलओ विमलेश कुमारी गांव में SIR फॉर्म मैपिंग का कार्य कर रही थीं, तभी एक परिवार के भाई-बहन ने अपना नाम मतदाता सूची में न मिलने पर आपत्ति जताई। मामला बढ़ने पर दोनों ने बीएलओ के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी और उनके दस्तावेज भी फाड़कर फेंक दिए।
हमले के बाद पीड़िता ने डीह थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने आरोपी भाई-बहन सहित एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
घटना से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। चुनावी कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं, जबकि प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


