स्वतंत्र हित /रामबाबू अवस्थी
उन्नाव । बांगरमऊ थाना क्षेत्र के भिखारीपुर रुल्ल गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 15 वर्षीय अनामिका नामक किशोरी ने अपनी मां के दो थप्पड़ मारने के बाद कीटनाशक दवा खा ली। घटना शुक्रवार रात की है, जब अनामिका को उसकी मां ने बर्तन धोने को कहा था और अनामिका ने मना कर दिया था।
मां के दो थप्पड़ मारने के बाद अनामिका ने गुस्से में आकर कीटनाशक दवा खा ली, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत सीएचसी बांगरमऊ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर सुनील राठौड़ ने प्राथमिक उपचार के बाद अनामिका को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
डॉक्टरों के मुताबिक अनामिका की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। घर में मातम का माहौल है और मां और भाई की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। मां बार-बार यही कह रही है कि अगर पता होता कि दो थप्पड़ इतने भारी पड़ जाएंगे, तो वह उसे डांटती भी नहीं।
यह घटना समाज के लिए एक चेतावनी है कि छोटी-सी नाराजगी और पलभर का गुस्सा कभी-कभी जिंदगी पर भारी पड़ जाता है। इसलिए हमें अपने गुस्से पर काबू रखना चाहिए और बच्चों के साथ धैर्य और समझदारी से पेश आना चाहिए।


