स्वतंत्र हित/संवाददाता
उन्नाव। कोतवाली सदर क्षेत्र के इंदिरा नगर में गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भुइयन देवी मंदिर के पास स्थित एक मकान में संचालित चाऊमीन बनाने के कारखाने में अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार इंदिरा नगर निवासी पवन पुत्र महादेव के मकान में हरिप्रसाद निवासी छोटा चौराहा, एबी नगर द्वारा चाऊमीन बनाने का कारखाना संचालित किया जा रहा था। गुरुवार शाम करीब पांच बजे कारखाने में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया गया। इसके बाद दमकल विभाग की गाड़ियों ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आग आसपास के मकानों तक नहीं फैल सकी। यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
आग की चपेट में आने से कारखाने में रखा जनरेटर, विद्युत उपकरण, कच्चा माल और चाऊमीन बनाने में प्रयुक्त अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बिजली उपकरणों का सुरक्षित उपयोग करें और समय-समय पर वायरिंग की जांच कराएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


