स्वतंत्र हित
क्राइम रिपोर्टर
उन्नाव ।जिले के मौरावां थाना क्षेत्र के कटरा गांव के पास मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 28 वर्षीय धर्मेंद्र पुत्र छंगा लाल निवासी उदोतपुर, अकोहरी, मौरावां के रूप में हुई है।
मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की मां मुन्नी देवी ने बताया कि उनके बेटे के साले सुनील ने अपनी शादी के लिए डेढ़ लाख रुपए उधार लिए थे, जिसे वह वापस नहीं कर रहा था। मुन्नी देवी ने आरोप लगाया कि पैसे की लेन-देन में उनके बेटे की हत्या की गई है।
मृतक की छह वर्षीय बेटी तन्नू ने भी चौंकाने वाला बयान दिया। उसने बताया कि पिछली रात पापा, नाना, नानी, मामा और मम्मी के बीच लड़ाई हुई थी। तन्नू ने कहा कि इन लोगों ने पापा को मारा और बाद में नाना ने उन्हें कंधे पर लादकर ले गए थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है, और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृतक की मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


