स्वतंत्र हित संवादाता
मोहनलालगंज, लखनऊ। नवजीवन इंटर कॉलेज में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब विद्यालय के प्रधानाचार्य हरी गोविंद मिश्रा और शिक्षक के.के. त्रिपाठी पर एक छात्र की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा। पीड़ित छात्र की पहचान कक्षा 11 के आयुष पुत्र अजीत कुमार के रूप में हुई है।आयुष ने आरोप लगाया कि 20 सितंबर 2025 को सुबह करीब 11 बजे विद्यालय परिसर में उसे न केवल पीटा गया, बल्कि इस दौरान जातिसूचकटिप्पणियां और अभद्र गालियां भी दी गईं। छात्र के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं और परिजनों के मुताबिक वह लंबे समय से विद्यालय में मानसिक प्रताड़ना भी झेल रहा था।घटना के बाद छात्र अपने परिजनों संग थाना मोहनलालगंज पहुंचा और वहां तहरीर देकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने विद्यालय प्रशासन के रवैये पर सवाल खड़े किए हैं और न्याय की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटा रही है। जांच के बाद ही यह तय होगा कि आरोपित शिक्षकों और प्रधानाचार्य पर क्या कार्रवाई की जाएगी।


